News

News

Monday, 20 January 2014

रात भर सड़क पर सोए केजरीवाल, दिल्ली पुलिस मांगें मानने को तैयार?

नई दिल्ली

दिल्ली पुलिस के तीन ऑफिसरों पर ऐक्शन की मांग को लेकर धरने पर बैठे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रात सड़क पर ही सोकर गुजारी। सोकर उठते ही उन्होंने कहा कि शिंदे को सोने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो लाखों लोग जुटेंगे। उनका धरना मंगलवार को भी जारी रहेगा। उधर, दिल्ली पुलिस अब केजरीवाल से टकराव टालने के उपाय पर विचार कर रही है। सोमवार को शिक्षा मंत्री मनीष सिसौदिया ने कहा कि इन अफसरों को हटाने पर धरना खत्म किया जा सकता है। इसके बाद एक एसीपी और तीन एसएचओ के तबादले पर विचार किया जा रहा है। हालांकि अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।

भारद्वाज को हिरासत में लेकर छोड़ाः इससे पहले दिल्ली पुलिस ने धरने में शामिल आप सरकार में परिवहन मंत्री सौरभ भारद्वाज को हिरासत में लिया। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। भारद्वाज ने छूटने के बाद कहा, 'कॉन्स्टेबलों ने हमारे साथ बदसलूकी है। हमें गिरफ्तार किया गया और फिर दूर ले जाकर छोड़ दिया गया।' धरनास्थल पर बैठे केजरीवाल ने भारद्वाज को हिरासत में लिए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने पुलिस पर भारद्वाज को गलत तरीके से हिरासत में लेने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि आखिर एक मंत्री कैसे दिल्ली की कानून व्यवस्था के लिए खतरा हो सकता है।

उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री यहां बैठे हुए हैं..किसलिए बैठे हुए हैं? महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बैठे हुए हैं और तानाशाही उन लोगों की चल रही है। यह देश देख रहा है... देश के लोग लोकसभा में ऐसा मजा चखाएंगे इस कांग्रेस पार्टी को कि याद रखेंगे।' उधर, दिल्ली पुलिस ने इससे अलग बयान दिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक भारद्वाज को गिरफ्तार नहीं किया गया है, वह ही जबरन आकर गाड़ी में बैठे।

No comments:

Post a Comment