News

News

Saturday, 11 January 2014

आप' की सरकार के जनता दरबार में अफरा-तफरी

दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की एक नई पहल भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी की भेंट चढ़ गई। सीधे जनता से मिलकर उनकी समस्याएं हल करने के लिए शनिवार की सुबह लगाया गया सरकार का जनता दरबार अपने मकसद में फेल हो गया। जनता दरबार में पहुंचे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भगदड़ की आशंका के कारण दरबार छोड़कर जाना पड़ा। भीड़ का आलम यह रहा कि लोगों ने सीएम से मिलने के लिए बैरिकेड तोड़ दिए। दरबार में आए गुस्साए कुछ लोगों ने वहां नारेबाजी भी की तो कुछ लोग तो वहां धरने पर भी बैठ गए। सोमवार से जारी रहने वाले इस दरबार को अब 2-3 दिनों के लिए टाल दिया गया है।

सरकार के मुख्यालय दिल्ली सचिवालय पर शनिवार सुबह जनता दरबार लगाया। इस दरबार में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी कैबिनेट के सभी सदस्य मौजूद थे। लेकिन, सरकार का यह पहला दरबार भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी की भेंट चढ़ गया। पुलिस की लाख सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद भारी भीड़ ने वहां पूरे सिस्टम को ध्वस्त कर दिया। सचिवालय के बाहर इतने अधिक लोग पहुंच गए कि न तो पुलिस वाले और न ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उन्हें साध पाए। दरबार में कई बार लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई और लोग सरकार के खिलाफ गुस्सा करते नजर आए। हजारों लोगों अपनी समस्याएं सुनाए बिना ही लौटना पड़ा।

दरबार में सीएम केजरीवाल समय पर पहुंच गए थे। दरबार में आई भारी भीड़ को समझाने के लिए उन्होंने बैरिकेड पर चढ़कर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ पर नियंत्रण न होते देखकर वह करीब आधे घंटे के बाद ही दरबार छोड़कर चले गए। बाद में उनके मंत्रिमंडल के सदस्य भी एक-एक कर दरबार से निकल गए।

No comments:

Post a Comment